कासगंज। जिले की सोरों कोतवाली क्षेत्र के नगरियां स्थित बेटी की ससुराल में अधेड़ व्यक्ति का शव पेड़ पर गमछे के फंदे से लटका हुआ मिला है। बीते दिन शुक्रवार की दोपहर बाद बेटी की ससुराल की कहकर मैनपुरी स्थित घर से निकले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्यों को एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के थाना अलीपुर के गांव बामनपुर निवासी लोकेंद्र पुत्र मुंशीलाल का शव बकेना के पेड़ पर गमछे के फंदे से लटका हुआ मिला था। जानकारी पर पहुंची मृतक की बेटी सोनम पत्नी संदीप ने घटना की जानकारी मायके पक्ष के लोगों को दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के साथ सोरों कोतवाली इंस्पेक्टर भोजराज अवस्थी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना के बारे में परिजनो से पूछताछ की और फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्यों को एकत्रित किया, फोटो ग्राफी की। शव को पेड से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मैनपुरी के गांव बामनवास निवासी लोकेंद्र के परिजनों के मुताबिक वह शुक्रवार की दोपहर के तीन बजे कुरावली बाजार जाने की कहकर घर से निकले थे। सुबह बेटी सोनम के द्वारा सूचना मिली कि लोकेंद्र का शव मानपुर नगरियां स्थित एक खेत में खड़े बकेना के पेड पर लटका हुआ है।